मंडी, 21जनवरी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर में जहरीली शराब के कहर से अब तक सात लोगों की मौत हो गई है । चार अन्य लोग अब भी अस्पताल में भर्ती हैं। मामले में चार आरोपियों की गिरफ्तारी भी हुई है. इनमें से एक आरोपी सलापड़ पंचायत का पूर्व प्रधान भी है। जबकि एक आरोपी मौजूदा प्रधान का ससुर बताया जा रहा है।

मामले के तूल पकड़ने के बाद अब डीजीपी हिमाचल संजय कुंडू भी मौके पर पहुंचे। गुरुवार को उन्होंने इलाके का दौरा किया और जानकारी हासिल की। साथ ही जांच के लिए गठित एसआईटी टीम में एक नए आईपीसी अधिकारी को शामिल किया गया है। नेशनल इन्वेस्टिगेशन एंजेसी (एनआईए) में काम कर चुके अरविद दिग्विजय नेगी को जांच टीम में शामिल किया गया है।
गुरुवार को पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उन्हें सात दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में पुलिस ने आईपीसी की धारा 304, 308 और 120(बी) के तहत दर्ज एफआईआर के तहत इनकी गिरफ्तार हुई है। इन पर इलाके में शराब बेचने के आरोप हैं। आरोपी सोहन लाल उर्फ रवि(27) छजवार, मलोह सुंदरनगर, प्रदीप कुमार(47) सरोह, सुदाहण, सुंदरनगर, जगदीश चंद(53) सुदाहण, और अच्छर सिंह (69) निवासी सुदाहण को गिरफ्तार किया गया है। चारों आरोपियों को पुलिस ने जेएमआईसी-11, सुंदरनगर की अदालत के समक्ष पेश किया और अदालत ने सभी 26 जनवरी तक सात दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। मामले में अन्य आरोपियों की धरपकड़ के लिए कोशिशें की जा रही हैं।








