शिमला 29 दिसंबर । शिमला जिला में कृषि विभाग द्वारा फसलों का डिजिटल सर्वेक्षण किया जाएगा जिसके अंतर्गत फसल बुवाई की जानकारी डिजिटल तरीके से एकत्रित की जाएगी। उप निदेशक कृषि शिमला, डॉ0 अजब नेगी ने बताया कि फसलों के डिजिटल सर्वेक्षण के लिए किसानों को अपना पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा । जिसके लिए सभी किसान लोक मित्र केंद्रों में जाकर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं ताकि फसलों का सर्वेक्षण सुगमता से हो सके।
उन्होने बताया कि लोक मित्र केंद्र्र में पंजीकरण करवाने के लिए किसान को अपने साथ आधार कार्ड, मोबाईल नंबर जोकि आधारकार्ड से लिंक हो और जमीन का खसरा नंबर ले जाना होगा । पंजीकरण के बाद किसानों को विभाग द्वारा आईडी प्रदान की जाएगी जिसका उपयोग सरकार से मिलने वाली सुविधाओं के लिए किया जा सकेगा । उन्होने स्पष्ट किया है कि यह पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क है।
उन्होने बताया कि इस सर्वेक्षण में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना भी शामिल है, जिसके अंतर्गत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6000 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। डॉ0 नेगी ने बताया कि फसलों के डिजिटल सर्वेक्षण से किसानों की फसलों का वास्तविक और सटीक डाटा सरकार के पास जाएगा और कृषि के क्षेत्र में सरकार द्वारा चलाई जा रही नीतियों का लाभ आसानी से किसानों तक पहुंच सकेगा।
डॉ0 नेगी ने किसानों से अपील की है कि सभी किसान अपना पंजीकरण समय पर करवा लें ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रह जाए । बताया कि डिजिटल सर्वेंक्षण होने से लाभों का वितरण अधिक पारदर्शी और सुचारू रूप से किया जा सकेगा।
अधिक जानकारी के लिए किसान कृषि विभाग के कार्यालय अथवा लोक मित्र केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।








