शिमला, 25 जनवरी
दिल्ली के बाद अब हिमाचल में भी लोगों को बिजली निशुल्क मिलेगी। विद्युत उत्पादक हिमाचल प्रदेश में पहली बार घरेलु उपभोक्ताओं को बिजली की एवज में पैसा नहीं चुकाना पडे़गा। चुनावी वर्ष में हिमाचल की भाजपा शासित सरकार ने लाखों विद्युत उत्पादकों को ये सौगात दी है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को सोलन के ठोडो में राज्य के पूर्ण राज्यत्व दिवस के मौके पर आयोजित समारोह में ऐलान किया कि प्रतिमाह 60 यूनिट विद्युत खपत पर प्रदेश के घरेलू उपभोक्ताओं से कोई विद्युत शुल्क नहीं लिया जाएगा, जिससे उनकी विद्युत खपत प्रति यूनिट शून्य मानी जाएगी। इसके अतिरिक्त 125 यूनिट विद्युत खपत वाले घरेलू उपभोक्ताओं से प्रति यूनिट एक रुपया विद्युत शुल्क लिया जाएगा। इससे 11 लाख से अधिक घरेलू उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। सरकार यह राहत प्रदान करने के लिए 60 करोड़ रुपये का अतिरिक्त व्यय वहन करेगी।








