राजगढ़ 29 अक्तूबर । प्रदेश की सबसे बड़ी काऊ सैंक्चुरी अर्थात हरिओम गौशाला में आगामी पहली नवंबर को गोपाष्टमी पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा । जिसमें गौ माता पूजा, हवन और तुलसी स्थापना की जाएगी । यह जानकारी हरिओम गौशाला कोटला बड़ोग के संचालक एवं प्रधान कपिल ठाकुर ने दी है । बता देें कि शुरूआती दौर में करीब एक सौ बीघा में फैली काऊ सैंक्चुरी का संचालन पशु पालन विभाग नाहन द्वारा किया जाता था । यशवंतनगर के समीप हरिओम गौशाला में गौवंश की उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए पशुपालन विभाग द्वारा इस गौशाला को हरिओम गौशाला को सौंप दिया गया है । कपिल ठाकुर के अनुसार वर्तमान में इस गौशाला में करीब 150 पशु हैं । ं उन्होने कहा कि लोगों को सड़कों पर गौमाता को लावारिस छोड़ने की मानसिकता को बदलना होगा क्योंकि लावारिस गौवंश अनेकों बार सड़कों पर भूखे प्यासे विचरते हुए दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं । कुछ लावारिस पशु लोगों की फसलों का नुकसान भी करते हैं । उन्होने बताया कि यशवंतनगर अर्थात गिरिपुल गौशाला में भी एक सौ से अधिक मवेशियों की परवरिश की जा रही है । उन्होने लोगों से आग्रह किया है कि अपनी आय में से कुछ भाग गौमाता की सेवा में अवश्य लगाएं ताकि लावारिस गौवंश को आश्रय मिल सके ।








