शिमला 25 मार्च। शिमला जिला भाजपा प्रवक्ता जितेन्द्र भोटका, पूर्व उपाध्यक्षा सक्षम गुड़िया बोर्ड रूपा शर्मा, शशांक अत्री, प्रीतम ठाकुर ने बुधवार को जारी संयुक्त बयान में प्रदेश सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर लगाए गए अतिरिक्त टैक्स और सेस का कड़ा विरोध करते हुए इसे जनविरोधी फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की आवाज बनकर इस निर्णय का विरोध करती रहेगी और सरकार को तुरंत इसे वापस लेना चाहिए।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर प्रति लीटर करीब 5 रुपये तक अतिरिक्त सेस लगाकर आम आदमी पर सीधा आर्थिक बोझ डाल दिया है। उनका कहना है कि इस फैसले से प्रदेश में महंगाई और बढ़ेगी, जिसका सबसे अधिक असर किसान, बागवान, ट्रांसपोर्टर, छोटे व्यापारी तथा आम उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
इन्होने कहा कि ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा प्रभाव रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर पड़ता है। पेट्रोल-डीजल महंगा होने से फल, सब्जियां, दूध और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में भी वृद्धि होना तय है, जिससे आम जनता की परेशानी और बढ़ेगी। इन्होने कहा कि कि ट्रांसपोर्ट लागत बढ़ने से प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार अपने आर्थिक कुप्रबंधन को छिपाने के लिए जनता पर टैक्स का अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
शिमला भाजपा पदाधिकारियों ने सरकार से मांग की कि पेट्रोल-डीजल पर लगाया गया अतिरिक्त सेस तुरंत वापस लिया जाए और महंगाई से राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इस फैसले को वापस नहीं लिया तो भारतीय जनता पार्टी सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी।
पेट्रोल-डीजल पर लगाए गए टैक्स को तुरंत वापस ले सरकार -भाजपा
Leave a comment
Leave a comment



