चंडीगढ़/शिमला: चंडीगढ़ स्थित भाजपा कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले के मामले में पंजाब पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस हमले के पीछे पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है, साथ ही मामले में विदेश (पुर्तगाल) कनेक्शन भी सामने आया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक युवक शिमला जिले से संबंधित बताया जा रहा है। पुलिस जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी कथित तौर पर ISI के इशारे पर इस हमले को अंजाम देने की साजिश में शामिल थे।
सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों को विदेश से निर्देश और संभवतः फंडिंग भी मिल रही थी। सुरक्षा एजेंसियां अब इस नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं ताकि पूरे मॉड्यूल का खुलासा किया जा सके।
इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और हिमाचल समेत पूरे क्षेत्र में चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आगे भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं और जांच जारी है।



