हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने अधिसूचित किया है कि राज्य प्रशासनिक सेवा परीक्षा 2020 के लिए पंजीकरण करने की समय सीमा आगे बढ़ा दी गई है। अब हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवा, पुलिस प्रशानिक सेवा सहित 16 पदों की लिखित परीक्षा में शामिल होने के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार 22 जून तक फॉर्म भर सकेंगे।
इस संबंध में ऑफिशियल वेबसाइट पर एक नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में कहा गया है कि कोविड-19 महामारी के मद्देनजर राज्य में लगाए गए कोरोना कर्फ्यू के दौरान प्रतिबंधों के कारण उम्मीदवारों की कठिनाइयों को देखते हुए अंतिम तिथि को विस्तारित करने का निर्णय लिया गया है।
ये रही जॉब की डीटेल
इस परीक्षा के माध्यम से गृह विभाग, राजस्व विभाग, सहकारिता विभाग, फूड, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता विभाग और कार्मिक विभाग में कुल 16 पद भरे जाएंगे।
आयु सीमा
1 जनवरी, 2021 को 21-35 वर्ष की आयु के बीच के उम्मीदवार, जिनके पास ग्रेजुएशन की डिग्री है वे परीक्षा के लिए आवेदन करने के पात्र हैं।
कैसे होगा चयन?
उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के माध्यम से होगा।






