शिविर में बीपी और शूगर के नए रोगियों की हुई पहचान
शिमला 31 जुलाई । स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ट्रहाई के सौजन्य से पीरन के आंगनवाड़ी केंद्र में मेडिकल ऑफिसर डॉ0 ईशान के नेतृत्व में आयुष्मान आरोग्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित हुए और जिनमें से 50 से अधिक लोगों ने शिविर में अपने स्वास्थ्य की जांच करवाई ।
डाॅ0 ईशान ने बताया कि शिविर में लोगों को रक्तचाप और डायबिटीज के लिए मुफ्त डायग्नोस्टिक सेवाएं प्रदान की गईं। इससे पहले कई लोग, जिन्हें इन बीमारियों की जानकारी नहीं थी, उनकी समय रहते जांच और पहचान हुई। रक्तचाप और डायबिटीज के मरीजों को मुफ्त में आवश्यक दवाएं दी गईं, ताकि वह समय पर उपचार शुरू कर सकें और आगे की जटिलताओं से बच सकें।
डॉ. ईशान तथा उनकी टीम ने उपस्थित लोगों को जीवनशैली सुधार, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित किया। साथ ही रक्तचाप और डायबिटीज की प्रारंभिक पहचान के महत्व को भी समझाया गया। उन्होने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में इस प्रकार के शिविर आयुष्मान आरोग्य मंदिर योजनांतर्गत नियमित रूप से आयोजित होते हैं, जिससे लोगों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँच सकें। इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाओं व परामर्श जैसी बुनियादी सुविधाएँ नजदीक मिलती हैं, जिससे उनकी जेब पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ता।
शिविर में आए ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया तथा लोगों ने सरकार व स्वास्थ्य विभाग के इस प्रयास की सराहना की । लोगों ने कहा कि इस प्रकार के शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाएँ, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोग विशेषकर बुजुर्ग और महिलाएँ स्वस्थ और जागरूक बन सकें।








