शिमला
हिमाचल में लगातार हो रही मूसलधार बारिश ने पठानकोट–चम्बा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी नुकसान पहुंचा है। ताजा स्थिति में मार्ग का एक बड़ा हिस्सा बह जाने से सड़क पूरी तरह कट गई है और इस पर यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है। प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से तुरंत सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही इस मार्ग पर रोक दी है, ताकि किसी प्रकार की जान-माल की हानि से बचा जा सके।स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग के अनुसार, जब तक मौसम सामान्य नहीं हो जाता, मरम्मत और बहाली का कार्य शुरू करना संभव नहीं होगा।
वहीं, इस मार्ग पर सफर कर रहे यात्रियों को बीच रास्ते ही रुकना पड़ा है, जबकि लंबी दूरी की बस सेवाएं और अन्य सार्वजनिक परिवहन भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। कई बसों को या तो बीच रास्ते रोक दिया गया है या वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है, जिससे यात्रियों को घंटों की देरी का सामना करना पड़ रहा है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी कारण इस मार्ग पर यात्रा न करें और सफर से पहले रूट अपडेट व मौसम की ताजा जानकारी अवश्य लें।






