शिमला, 7 जून
आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश में मुखिया सहित 400 की कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया है। हिमाचल आप की कमान सुरजीत सिंह ठाकुर को सौंपी गई है। सुरजीत होटल की नौकरी छोड़कर 2016 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। सुरजीत सिरमौर जिला के राजगढ़ से संबंध रखते हैं।
शिमला में दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने उनके नाम की घोषणा की है। पार्टी ने विधानसभा स्तर पर 400 पदाधिकारियो की कार्यकारिणी भी घोषित कर दी है। पंचायत स्तर की कार्यकारिणी जल्द गठित की जाएगी। पार्टी ने बताया कि हिमाचल में आप के 5 से 6 लाख सदस्य बन गए हैं।
इस दौरान मनीष सिसोदिया ने भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बताया की भाजपा दूसरी पार्टी के निकम्मे लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करने वाला कूड़ेदान बन गई है। सत्येंद्र जैन पर ईडी की कार्यवाही को लेकर सिसोदिया ने कहा कि केंद्र उनके नेताओं के खिलाफ भ्रष्टाचार के जबरदस्ती मामलों को खोद रही है। सत्येंद्र जैन पर ये मामला पुराना है।
उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर निकम्मे मुख्यमंत्री हैं। अनुराग ठाकुर यदि मुख्यमंत्री बनते तो वह जयराम से भी निकम्में निकलते। हिमाचल प्रदेश में शिक्षा स्वास्थ्य की स्थिति खस्ताहाल है. भाजपा कांग्रेस दोनों ने हिमाचल के साथ धोखा किया है।