शिमला: हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों से इंद्रदेव ने रौद्र रूप धारण कर रखा है। सुबह से ही प्रदेश के अलग-अलग इलाकों से कई सारे लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है।
वहीं, कई जगहों पर बाढ़, बारिश और भूस्खलन से जुड़ी ख़बरें भी सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में अब शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा सूबे के 6 जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन के कई इलाकों में बाढ़ की आशंका जताई गई है. आगामी 36 घंटो तक के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी कर रखा है.
सामने आ रही ताजा अपडेट के अनुसार प्रदेश की 400 से अधिक सड़कें बारिश और भूस्खलन की वजह से बंद चल रही हैं. इस सब के बीच लाहुल में तोंजिंग नाले में बाढ़ से अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है. इसमें छह शव निकाले जा चुके हैं. चार लोग अब भी लापता हैं.
वहीं, शिमला की चिड़गांव तहसील के गुम्मा गांव में बुधवार सुबह बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। गांव के लिए बना पुल बाढ़ की चपेट में आकर बह गया है। बादल फटने के बाद खड्ड में आई बाढ़ में चार वाहन भी बह गए और डेढ़ दर्जन से ज्यादा वाहन गांव में ही फंस गए हैं। गुम्मा गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाला पुल भी पूरी तरह से भरभरा गया है। इस कारण गांव में बसे 60 परिवारों के लोग पूरी तरह से क्षेत्र से कट गए हैं।








