थुनाग : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले स्थित सिविल अस्पताल बगस्याड़ में रविवार देर रात को एक नशे में घुस आया और महिला से छेड़छाड़ की। महिला द्वारा विरोध करने पर अस्पताल में हंगामा हो गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार किया। इसकी पहचान रवि कुमार निवासी गांव देओरी सुंदरनगर के रूप में हुई है।
आरोपित को न्यायालय ने 14 दिन के रिमांड पर भेज दिया। रविवार रात को बगस्याड़ अस्पताल में एक श्रमिक के उपचाराधीन होने की आड़ में नशेड़ी वहां घुस आया। अस्पताल में देर रात को वार्ड में मौजूद महिला के साथ छेड़छाड़ आरंभ कर दी। महिला के विरोध करने पर भी वह नहीं माना तो महिला ने अपनी देवरानी को इसकी जानकारी दी।
जब दोनों महिलाओं ने विरोध किया तो वह वहां से चला गया, लेकिन जब महिला कमरे से बाहर गई तो वहां भी उसने महिला से अभद्र व्यवहार किया। इस पर महिला ने शोर मचाया और अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को बुलाया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। जंजैहली थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि अदालत ने आरोपित को 19 जुलाई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।