शिमला, 31 मार्च
हिमाचल प्रदेश सरकार ने एंट्री टैक्स में प्रस्तावित बढ़ोतरी को लेकर बड़ा कदम पीछे खींचते हुए इसे वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को विधानसभा में घोषणा की कि अब वाहनों से एंट्री शुल्क पुराने रेट पर ही वसूला जाएगा।
यह बढ़ोतरी 1 अप्रैल से लागू होने वाली थी, लेकिन ट्रांसपोर्टर्स, पर्यटन कारोबारियों और विपक्ष के कड़े विरोध के बाद सरकार ने अपने फैसले की समीक्षा की।
विधानसभा में बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न हितधारकों की आपत्तियों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल एंट्री टैक्स की पुरानी व्यवस्था ही लागू रहेगी।
प्रस्तावित संशोधन के तहत वाहनों पर एंट्री फीस में भारी बढ़ोतरी की जा रही थी, जिसका पड़ोसी राज्य पंजाब ने भी विरोध किया था और जवाबी कदम उठाने के संकेत दिए थे।
पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों ने भी आशंका जताई थी कि शुल्क बढ़ने से राज्य में पर्यटकों की आवाजाही पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।
सरकार का यह फैसला मौजूदा विवाद को शांत करने और बढ़ते राजनीतिक दबाव को कम करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। फिलहाल एंट्री टैक्स को लेकर यथास्थिति बनी रहेगी।



