22जनवरी, शिमला
केंद्र सरकार से हिमाचल प्रदेश को 600 करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त ऋण मंजूर हुआ है। इसके तहत 200 करोड़ रुपए प्रदेश सरकार के खजाने में आ भी चुके हैं जबकि 400 करोड़ रुपए शीघ्र उपलब्ध होंगे।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने नई दिल्ली दौरे के दौरान केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से यह मामला उठाया था। उन्होंने उस दौरान तर्क दिया था कि कोविड-19 संक्रमण का दौर लंबा चलने से राज्य की आॢथकी को भारी नुक्सान पहुंचा है। इससे राज्य सरकार को वित्तीय संसाधन जुटाने में परेशानी हो रही है।
चालू वित्त वर्ष में सितम्बर व दिसम्बर में 100-100 करोड़ की 2 किस्तों में 200 करोड़ रुपए का ब्याज मुक्त ऋण प्राप्त हो चुका है। शेष राशि आगामी अढ़ाई माह के दौरान 400 करोड़ रुपए प्राप्त होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि कोरोना महामारी के पहले साल में केंद्र सरकार ने हिमाचल सरकार को 533 करोड़ रुपए जारी किए हैं। हालांकि मौजूदा हालात में यह मदद बहुत कम है लेकिन प्रतिकूल हालात में केंद्र सरकार से यह मदद कुछ हद तक राहत प्रदान करने वाली है।



