हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में एनएच-5 पर स्थित उरनी पुल क्षतिग्रस्त हो गया। ऐसे में सभी वाहनों को आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया। वहीं, कुल्लू में ताजा बर्फबारी हुई है। जिसके बाद मनाली-लेह मार्ग को बंद कर दिया गया है।
बीआरओ 70 आरसीसी से मिली जानकारी के अनुसार कुल्लू के बारालाचा में ताजा हिमपात हुआ है और मनाली-लेह मार्ग को अगले आदेश तक यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
इसके अलावा रोहतांग के साथ अन्य पहाड़ियों में भी बर्फबारी हुई है। कुल्लू में रातभर बारिश से जनजीवन ठहर गया है। बागवान चिंतित हैं। तीन दिन से सेब का तुड़ान रुका हुआ है। भूस्खलन के चलते कई मार्ग ठप हो गए हैं।
इससे पहले, रविवार को पहाड़ की चोटियों समेत दर्रों में बर्फबारी होने के कारण एचआरटीसी ने देश की सबसे ऊंचाई से गुजरने वाली लेह-केलांग-दिल्ली बस सेवा को अस्थायी तौर पर बंद कर दिया है। फिलहाल बस को लाहौल-स्पीति जिला मुख्यालय केलांग से दिल्ली के बीच चलाया जाएगा। बीते तीन दिनों से रोहतांग, बारालाचा, शिंकुला, तंगलंगला समेत सभी दर्रो पर बर्फबारी के दौर जारी है।







