हिमाचल ने लगातार तीसरी बार जीता सिल्वर, फाइनल में पंजाब से कड़ा मुकाबला
*शिमला* । पंजाब के संगरूर में 3 से 5 अप्रैल 2026 तक आयोजित 17वीं राष्ट्रीय पेशापल्लो खेल प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने लगातार तीसरी बार सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में देश के 12 राज्यों की टीमों ने भाग लिया और फाइनल मुकाबला हिमाचल तथा पंजाब के बीच खेला गया।
फाइनल मैच बेहद रोमांचक रहा, जिसमें दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। हालांकि अंत में पंजाब की टीम ने हिमाचल को 6 रनों से हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा कर लिया। गौरतलब है कि पिछले तीन वर्षों से यही दोनों टीमें फाइनल में आमने-सामने आ रही हैं।
हिमाचल टीम के कोच नरेश कुमार कौशल ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब एक अनुभवी टीम है, जिसमें कई अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं। इसके बावजूद हिमाचल के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने बताया कि पेशापल्लो एसोसिएशन के सचिव डॉ. रमेश राजपूत के प्रयासों से खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण शिविर और आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है, जिससे टीम का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है।
आगे जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2026 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में आयोजित होने वाले वर्ल्ड कप के लिए हिमाचल के 10 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इन खिलाड़ियों का प्रैक्टिस कैंप 4 से 8 मई तक छत्तीसगढ़ में आयोजित किया जाएगा, जिसमें ये सभी खिलाड़ी भाग लेंगे।
वहीं, डॉ. रमेश राजपूत ने इसे हिमाचल के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि ये खिलाड़ी न केवल प्रदेश बल्कि पूरे भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।



