हिमाचल सरकार प्रदेश की युवतियों को एयर होस्टेस के अलावा मसाज थेरेपी से जुड़े कोर्स करवाएगी। अभी तक मसाज थेरेपी के क्षेत्र में उत्तर-पूर्वी राज्यों की महिलाओं का कब्जा है।
देश में अधिकतर इन्हीं राज्यों की महिलाएं स्पा, होटलों और मसाज से जुड़े केंद्रों में सेवाएं देती हैं। एयर होस्टेस के क्षेत्र में महानगरों की युवतियों का दबदबा रहता है। ऊंचे वेतनमान से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों से निकट भविष्य में हिमाचल की युवतियों को आगे आने का अवसर मिलेगा।
राज्य कौशल विकास निगम राष्ट्रीय सेक्टर स्किल सेंटर के माध्यम से यह दो कोर्स शुरू करवा सकता है। प्रशिक्षण का पूरा खर्च कौशल विकास निगम उठाएगा। अभी तक कौशल उन्नयन कार्यक्रमों के तहत प्रदेश के सभी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के ट्रेड जोड़े गए थे।
राष्ट्रीय मानकों के तहत पंजिकृत कंपनियां सभी राज्यों में रोजगार की आवश्यकताओं के दृष्टिगत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करती हैं। अधिकांश कालेजों में अंतिम वर्ष के छात्रों को पढ़ाई पूरी करने के तुरंत बाद रोजगार से जुड़ने के लिए फैशन डिजाइनिंग, सूचना प्रौद्योगिकी सहित आधा दर्जन तक एक वर्ष की अवधि के प्रशिक्षण कार्यक्रम होते हैं।








