शिमला, 10 मार्च। राजधानी शिमला के बालूगंज थाना क्षेत्र के तहत हीरानगर के पास शडोग गांव में मंगलवार दोपहर अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते सड़क किनारे बने एक कबाड़ के स्टोर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भीषण लपटों के कारण स्टोर में रखा पूरा कबाड़ जलकर राख हो गया। वहीं, आग की चपेट में आने से सड़क किनारे खड़ी कुछ गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और पुलिस व अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।








