प्रसिद्ध पर्यटक स्थल कूफरी के चीनी बंगला में घुड़पालकों के लिए पीने के पानी की व्यवस्था कर दी गई है ताकि घुड़पालकों को आगामी गर्मी के मौसम के दौरान पानी के लिए न जूझना पड़ें । यह बात कसुंपटी विस की पूर्व भाजपा प्रत्याशी विजय ज्योति सेन ने बुधवार को चीनी बंगला में पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करने के उपरांत घोड़ा यूनियन के सदस्यों के साथ एक बैठक करते हुए दी ।
विजय ज्योति सेन ने कहा कि चीनी बंगला विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल है जहां पर इस क्षेत्र के 1029 घुड़पालकों का रोजगार चलता है । कहा कि इन घुड़पालकों को अपने घोड़ों को पानी पिलाने के लिए काफी समस्या पेश आ रही थी जिसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है । उन्होने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जुन्गा क्षेत्र की 12 पंचायतों के लिए जल जीवन मिश्न के तहत 26 करोड़ की महत्वकांक्षी पेयजल योजना स्वीकृत की गई है जिसमें कूफरी व चीनी बंगला क्षेत्र भी शामिल किया गया है जिससे इस क्षेत्र की पेयजल समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा । कहा कि इस योजना की मुख्यमंत्री द्वारा कुछ दिनों पहले आधार शिला रख दी गई है । उन्होने कहा कि घुड़ पालकों की विभिन्न समस्याओं से भली भांति परिचित है और उनकी समस्याओं को प्रभावी ढंग से सरकार के समक्ष रखा जाएगा ।
विजय ज्योति सेन ने कहा कि कसुंपटी निर्वाचन क्षेत्र के इतिहास में पहली बार इतनी बड़ी योजना सरकार द्वारा स्वीकृत की गई है जिससे इन पंचायतों में आगामी 25 वर्षों तक पेयजल समस्या का स्थाई समाधान सुनिश्चित हो जाएगा । इस बृहद पेयजल योजना में मशोबरा ब्लॉक की 12 ग्राम पंचायतों दरभोग, पीरन, सतलाई, कोटी, जनेडघाट, जुन्गा, पटगेर, भड़ेच, बलोग, नाला, पधेची और कूफरी पंचायत के ग्रामीण क्षेत्र को शामिल किया गया है जिससे इन पंचायतों की करीब 20 हजार आबदी लाभान्वित होगी ।
इस मौके पर जिला भाजपा उपाध्यक्ष कमल ठाकुर, सहायक अभियंता जेएसवी विनोद शर्मा, कनिष्ठ अभियंता राजकुंमार शर्मा के अतिरिक्त नाला, दरभोग व कूफरी पंचायतों के प्रतिनिधि तथा घोड़ा यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित थे








