अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सहसचिव और प्रभारी भारतीय युवा कांग्रेस कृष्णा अल्लावरू और भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बी.वी. ने कहा कि अर्थव्यवस्था को हुआ नुकसान केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम हैं। देश के किसानों के दर्द को मोदी सरकार नहीं समझ पा रही। बीजेपी सरकार में सिर्फ पूंजीपतियों के अच्छे दिन आए हैं।
श्रीनिवास बी.वी. ने कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन शिमला में मंगलवार को प्रेस सम्मेलन में कहा कि सरकार ने साल में दो करोड़ युवाओं को नौकरी देने और अच्छे दिन का वादा किया था। देश में 3-4 लोगों के ही अच्छे दिन आए हैं। प्रदेश में नौकरी के नाम पर घोटाले किए जा रहे हैं। बेरोजगारी पिछले 45 साल से चरम पर है। सरकार का विजन नहीं है, यह टेलीविजन सरकार हैं। मोदी ग्रहण देखने के लिए लाखों का चश्मा इंपोर्ट करते हैं, लेकिन देश की वास्तविकता नहीं देख पाते हैं।
श्रीनिवास ने कहा कि उन्हे ऐसा चश्मा भी लेना चाहिए, जिससे देश की गरीबी और बेरोजगारी को भी देख सकें। किसानों को खालिस्तान, गुंडे जैसे अपशब्द कहे गए। 26 जनवरी को किसानों के आंदोलन को बदनाम करने के लिए षड्यंत्र किया गया। अल्लावरू ने कहा कि सरकार ने रोजगार नष्ट किए हैं। अर्थव्यवस्था को केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार ने तहस-नहस किया हैं। आपदा की घड़ी में देश के अमीरों की संपत्ति में वृद्धि हुई जबकि दूसरी तरफ लाखों लोग बेरोजगार हुए हैं। लाल किले पर इस तरह की घटना सरकार की शह के बिना कैसे हो सकती हैं।



