शिमला 05 जनवरी । राज्य स्वास्थ्य विभाग से सौेजन्य से नव-नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों के लिए राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण संस्थान, परिमहल में 14 दिवसीय इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम आरंभ हुआ । जिसका शुभारंभ निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं, डॉ0 गोपाल बैरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य, डॉ0 संजय कुमार जगोता विशेष रूप से मौजूद रहे।
निदेशक ने अपने संबोधन में बताया कि यह इंडक्शन प्रशिक्षण कार्यक्रम चिकित्सा अधिकारियों को राज्य की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली, सेवा आचरण नियमों, प्रशासनिक कार्य दायित्वों, तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य चिकित्सा अधिकारियों को फील्ड एवं संस्थागत स्तर पर प्रशासनिक और कार्यक्रमात्मक जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु सक्षम बनाना है।
प्रशिक्षण के कोर्स कोऑर्डिनेटर डॉ. युगवीर सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से चिकित्सा अधिकारियों को उनके नैदानिक दायित्वों के साथ-साथ प्रशासनिक दक्षता, नैतिक मूल्यों एवं प्रभावी स्वास्थ्य सेवा प्रबंधन से संबंधित आवश्यक ज्ञान प्रदान किया जाएगा।
उन्होने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विषय विशेषज्ञों द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रबंधन, प्रशासनिक प्रक्रियाओं तथा सेवा वितरण से संबंधित विषयों पर व्याख्यान, संवादात्मक सत्र एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण आयोजित किए जाएंगे, जिससे प्रतिभागी चिकित्सा अधिकारी अपने कार्यक्षेत्र में अधिक दक्षता, उत्तरदायित्व एवं संवेदनशीलता के साथ सेवाएं प्रदान कर सकें।
सहायक कोर्स कोऑर्डिनेटर, संजना दाफाइक द्वारा प्रशिक्षण के सुचारु संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है। उन्होने बताया कि स्वास्थ्य विभाग का यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्य है।








