शिमला 17 मार्च । हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के सौजन्य से वैज्ञानिक सोच, अंधविश्वास उन्मूलन एवं नशा मुक्त समाज विषय पर एक युवा अधिवेशन का आयोजन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सम्मेलन सोलन के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में डाईट, ऑल इंडिया लायर्स यूनियन, शेड्स कॉलेज, हिप्र विश्वविद्यालय के छात्रों सहित सोलन, सिरमौर, शिमला, किन्नौर के युवाओं, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा वैज्ञानिकों ने भाग लिया।
अधिवेशन के मुख्य वक्ता तथा विज्ञान प्रसार से सेवानिवृत्त डॉ. टी0वी0 वेंकटेश्वरन ने भारतीय ज्ञान प्रणाली प्रचार, मिथक और सच्चाई”’ विषय पर बोलते हुए कहा कि प्राचीन ज्ञान परंपराओं से हमें सीखना चाहिए, लेकिन उन्हें प्रमाण और तथ्यों की कसौटी पर परखकर ही स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज समाज में वास्तविक स्थिति को समझने के लिए केवल मीडिया और मोबाइल पर निर्भर रहने के बजाय आम लोगों से संवाद करना अधिक आवश्यक है ।
राज्य सचिव सत्यवान पुंडीर ने कहा कि यह कार्यक्रम युवा बचाओ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य युवाओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना, अंधविश्वास के खिलाफ जागरूकता फैलाना तथा युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए प्रेरित करना है।
सत्र की अध्यक्षता करते हुए सेवानिवृत्त इंजीनियर-इन-चीफ जे0 एस0 चौहान ने हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए युवाओं को समाज में वैज्ञानिक चेतना फैलाने की जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।
सेवानिवृत्त कॉलेज प्राचार्य प्रो. विपिन राठौर ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, धारणाएं, मिथक और प्रभाव विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि समाज को अंधविश्वास और कुरीतियों से मुक्त करने के लिए वैज्ञानिक सोच जरूरी है।
हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के अध्यक्ष एवं जन संचार के विशेषज्ञ डॉ. बी.एस. पंवर ने सत्र का समापन करते हुए संत कबीर और गुरु नानक देव के उदाहरण देते हुए कहा कि वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए केवल विज्ञान का विद्यार्थी होना आवश्यक नहीं है, बल्कि तार्किक और जागरूक सोच भी समाज में परिवर्तन ला सकती है।
अधिवेशन में समिति के उपाध्यक्ष जीयानन्द शर्मा एवं डॉ आर के शर्मा, सह सचिव सीता राम ठाकुर, सेवानिवृत वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रो. टी.डी. वर्मा, मनोवैज्ञानिक डॉ. रवि भूषण, सेवानिवृत प्रधानाचार्य डॉ. ओ.पी. कायस्था व मनुज गुप्ता, जिला सचिव डी.सी. रावत सहित विभिन्न स्रोत व्यक्तियों ने अपने विचार प्रकट किए।
इस मौके पर हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के सांस्कृतिक जत्थे द्वारा “ज्ञान का दिया” गीत प्रस्तुत किया गया और शेड्स कॉलेज ने समिति द्वारा नशे पर तैयार किए गए नुक्कड़ नाटक ष्जिम्मेदार कौनष् की प्रस्तुति भी की।



