किलो के हिसाब से सेब बेचने के सरकार के आदेशों को आढ़तियों ने तालिबानी फरमान करार देते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया है। आढ़तियों का कहना है कि किलो के हिसाब से सेब बेचना संभव नहीं है। बागवान संगठन सरकार को गुमराह कर राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। सेब सीजन के बीच बिना नोटिस एकाएक हड़ताल से बागवान संकट में घिर गए हैं। बागवानों को फसल खराब होने का डर सता रहा है। एपीएमसी सचिव और एसडीएम ठियोग ने बुधवार को पराला मंडी के निरीक्षण के दौरान किलो के स्थान पर पेटी के हिसाब से सेब बेच रहे आढ़तियों को चालान और लाइसेंस रद करने की चेतावनी दी।