बैजनाथ, 12 फरवरी
अरुणाचल प्रदेश के कमांग सेक्टर में देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए बैजनाथ मंडल के लोअर महेशगढ़ गांव के 26 वर्षीय शहीद राकेश सिंह की पार्थिव देह शनिवार को उनके गांव पहुंची। शहीद राकेश कुमार की पार्थिव देह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय एवं सैनिक सम्मान के साथ किया गया।

शहीद की पत्नी ने 6 माह के बच्चे के साथ शादी का जोड़ा पहन कर पति को अंतिम विदाई दी। इस मंजर को देख पूरा गांव सिसक उठा। बता दें कि करीब पांच दिन पहले अरुणांचल प्रदेश में बर्फीले तूफान की चपेट में आने के बाद राकेश ने देश पर अपने प्राणों की आहुति दे दी थी, जिनकी पार्थिव देह शनिवार को पैतृक गांव पहुंची।
शहीद राकेश सिंह को अंतिम विदाई देने वन युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री राकेश पठानिया के अलावा बैजनाथ के विधायक मुल्ख राज प्रेमी, वूल फेडरेशन के अध्यक्ष त्रिलोक कपूर, उपायुक्त कांगड़ा डॉ निपुण जिंदल, ज़िला प्रशासन के अधिकारी, पुलिस वरिष्ठ अधिकारी, एसडीएम बैजनाथ सलीम आजम, सेना के अधिकारी व बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
वन मंत्री ने शोकसंतप्त परिवार से भेंट कर अपनी संवेदनायें भी प्रकट की तथा शहीद के गांव को जोड़ने वाली सड़क कन्द्राल, महेशगढ़, गवालटिक्कर का नाम शहीद राकेश सिंह के नाम पर रखने की बात कही। उन्होंने इस सड़क के निर्माण की सभी औपचारिकताओं को पूर्ण करने के आदेश विभाग को जारी किए।








