हमीरपुर/मेहरे, 26 जुलाई :
भारतीय जनता पार्टी द्वारा आज बड़सर विधानसभा क्षेत्र में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, स्थानीय नागरिक व गणमान्य लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए और कारगिल युद्ध की गौरवगाथा को स्मरण किया गया।
अपने संबोधन में राजेंद्र राणा ने कहा कि 26 जुलाई 1999 का दिन भारतीय इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय है, जब हमारी सेना ने ‘ऑपरेशन विजय’ के तहत दुश्मन को करारी शिकस्त देते हुए कारगिल की चोटियों पर पुनः तिरंगा फहराया। उन्होंने कहा कि यह दिन भारतीय सेना के अद्वितीय साहस, अटूट संकल्प और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
उन्होंने आगे कहा, “कारगिल युद्ध भारतीय सैनिकों की बहादुरी और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अमिट मिसाल है। हमारे जवानों ने दुनिया की सबसे कठिन युद्धभूमियों में एक ऐतिहासिक विजय हासिल की। यह दिन हर भारतीय को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्य और जिम्मेदारी का स्मरण कराता है।”
राजेंद्र राणा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश ने इस युद्ध में भी अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। राज्य के 52 वीर सपूतों ने देश की रक्षा करते हुए शहादत पाई। कैप्टन विक्रम बत्रा (पालमपुर) और राइफलमैन संजय कुमार (बिलासपुर) को भारत के सर्वोच्च सैनिक सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। हिमाचल प्रदेश का यह योगदान इस छोटे से पहाड़ी राज्य को ‘वीर भूमि’ का दर्जा दिलाता है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे छोटे राज्य से इतनी बड़ी संख्या में सैनिकों की शहादत यह दर्शाती है कि यहां के लोगों में देशभक्ति कूट-कूट कर भरी है। यहां के नौजवान हर युग में देश की सेवा और रक्षा के लिए अग्रणी रहे हैं।
राजेंद्र राणा ने कहा कि हमें अपने शहीदों और सैनिकों के बलिदान को सदैव स्मरण में रखते हुए राष्ट्र के प्रति अपने उत्तरदायित्व को निभाना चाहिए। यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी उन अमर वीरों के प्रति, जिन्होंने अपना आज हमारे कल के लिए समर्पित कर दिया।
बॉक्स
मातृभूमि की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले परिवारों को सम्मानित किया गया और भूतपूर्व सैनिकों को भी सम्मानित किया गया। उनका साहस, बलिदान और देशभक्ति सदा भारतवासियों के दिलों में जीवित रहेगी।
इसी मौके पर पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री, कमलेश कुमारी, रवि धीमान बड़सर मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा, यशवीर पटियाला, सुजानपुर के मंडल अध्यक्ष जसवंत सिंह, बमसन टोनी देवी प्रो विक्रम राणा, महामंत्री अश्वनी बन्याल, रवि कानूगो, सुरेश ठाकुर व अन्य पूर्व सैनिक व पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे।










