रवि कान्त नेगी
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर चांगो के समीप एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। हादसे में वाहन में सवार हांगो निवासी महिला की मौके पर ही मौत गई। वाहन चालक व अन्य महिला घायल है। घायलों को उपचार के लिए चांगो अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही किन्नौर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची व मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बता दें जिले में जगह-जगह भूस्खलन के मामले सामने आ रहे हैं। प्रमुख पर्यटन स्थल सांगला के बटसेरी की गुंसा पहाड़ी पर गुरुवार को एक बार फिर भूस्खलन हुआ था। भूस्खलन के दौरान छितकुल से सांगला की ओर आ रहे भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) के चार वाहनों में सवार जवान पत्थरों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए थे।
हालांकि, वाहनों को आंशिक नुकसान हुआ। घटना के वक्त 40 मजदूरों, सांगला पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने भी भागकर जान बचाई। सांगला से तहसीलदार जयचंद धीमान ने सांगला वैली के लोगों से आह्वान किया है कि बटसेरी के नजदीक सड़क पर रात के समय आवाजाही न करें। हाल ही में बटसेरी में भूस्खलन से नौ पर्यटकों की मौत हो गई थी।