शिमला
राजधानी शिमला के लक्कड़ बाजार में आधी रात एक खौफनाक मंजर देखने को मिला, जब अचानक सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया। घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया और लोगों को रातों-रात अपने घर छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा।
सड़क धंसने के साथ ही आसपास के मकानों में दरारें पड़ने लगीं, जिससे हादसे का खतरा बढ़ गया। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने तुरंत कई घर खाली करवाए और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा।
घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसका असर अब शिमला के प्रतिष्ठित रिज मैदान तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर समय रहते हालात नहीं संभाले गए, तो यह संकट और बड़े इलाके को अपनी चपेट में ले सकता है।
प्रशासन, नगर निगम और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर डटी हुई हैं और पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और खतरे वाले इलाकों से दूर रहें।
पहाड़ी शहरों में बढ़ती ऐसी घटनाएं एक बार फिर शहरी योजना और निर्माण कार्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।



