शिमला
उच्च शिक्षा विभाग ने विधानसभा सत्र के चलते अधिकारियों व कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं, ऐसे में शिक्षा विभाग में 1 से 15 दिसम्बर तक अधिकारियों व कर्मचारियों को छुट्टियां नहीं दी जाएंगी और न ही वे टूअर पर जा सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक की ओर से उपनिदेशकों, काॅलेजों व स्कूल प्रधानाचार्यों को उक्त आदेश जारी कर दिए गए हैं। इन आदेशों के तहत विभाग ने उपनिदेशकों व उनके स्टाफ को 15 दिसम्बर तक कार्यालयों में उपस्थित रहने व जिला कार्यालयों को सुबह 8 से सायं 8 बजे तक खुले रहने के आदेश दिए हैं।
इसके साथ ही विभाग ने उपनिदेशकों को विधानसभा से संबंधित सूचनाओं को 29 नवम्बर तक शिक्षा निदेशालय को मुहैया करवाने को कहा है। इस दौरान विभाग ने अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वे विधानसभा सत्र से संबंधित पूछे गए प्रश्नों का जवाब देने के लिए एक ऐसे वरिष्ठ अधिकारी को तैनात करें, जिसे पहले से इसका अनुभव हो और वह निदेशालय द्वारा भेजे गए प्रश्नों की जल्द सूचना भेज सके। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि इस दौरान गलत सूचना देने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौर हो कि धर्मशाला में 10 से 15 दिसम्बर तक विधानसभा का शीतकालीन सत्र होने जा रहा है।
इस दौरान शिक्षा विभाग ने जिलों से 15 नवम्बर, 2021 तक की अपडेट देने को कहा है। इसके तहत शिक्षा विभाग में विभिन्न वर्गों में भरे गए खाली, स्वीकृत पदों का ब्यौरा मांगा गया है। दूरदराज के क्षेत्रों में पदों का ब्यौरा, बीते 4 वर्षों में हुए तबादलों का ब्यौरा, पदोन्नति संबंधी जानकारी, शिक्षण संस्थानों में हुए नए निर्माण और मुरम्मत कार्यों का ब्यौरा, छात्रवृत्ति, विद्यार्थियों को दी गईं नि:शुल्क किताबों का स्टेटस, बीते 4 वर्षों में अपग्रेड किए गए स्कूलों की जानकारी, निजी शिक्षण संस्थानों में चल रहे डिग्री कोर्स की जानकारी, सरकार द्वारा घोषित की गईं नई योजनाओं के लागू होने संबंधी सूचना तथा सरकार द्वारा अधिग्रहण किए गए निजी शिक्षण संस्थानों का ब्यौरा विभाग ने जिलों को देने को कहा है।






