शिमला
राजधानी शिमला में एमएलए क्रॉसिंग से तवी मोड़ तक संपर्क सड़क पर 8 और 9 नवंबर को मेटलिंग और टारिंग का कार्य किया जाएगा। इस कारण दोनों दिन प्रातः 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। जिला दण्डाधिकारी एवं उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि केवल आपातकालीन वाहनों को ही इन घंटों में आने-जाने की अनुमति होगी।
सड़क कार्य के चलते ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने विशेष यातायात योजना तैयार की है। उपायुक्त ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, शिमला द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक मार्गों के अनुसार एमएलए क्रॉसिंग से बालूगंज चौक (सरकारी स्कूल के समीप) जाने वाले छोटे वाहनों को चौड़ा मैदान–बालूगंज मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं सभी बसें और भारी वाहन चक्कर मार्ग से होकर गुजरेंगे।
बालूगंज चौक से बालूगंज–समरहिल चौक की ओर जाने वाले छोटे वाहन, जो समरहिल अथवा चौड़ा मैदान की दिशा में जा रहे हैं, उन्हें बालूगंज–समरहिल–चौड़ा मैदान मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि भारी वाहन चक्कर मार्ग से ही भेजे जाएंगे। इसी तरह, शिमला से बिलासपुर की ओर जाने वाले वाहनों को भी चक्कर मार्ग से भेजा जाएगा।
बालूगंज–समरहिल चौक से तवी मोड़ की ओर आने वाले सभी वाहनों को शिमला की दिशा में प्रवेश के लिए चक्कर मार्ग का प्रयोग करना होगा। हालांकि बालूगंज, चक्कर या समरहिल की दिशा में जाने वाले वाहनों को बालूगंज मार्ग से गुजरने की अनुमति रहेगी।
प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करते हुए सहयोग दें, ताकि सड़क निर्माण कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।








