मंडी, pपधर
हिमाचल प्रदेश के पधर उपमंडल के अंतर्गत कुफरी के बटाहर क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब जोगिन्दरनगर डिपो की एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि बस में केवल चालक और परिचालक ही सवार थे और दोनों पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब बस बटाहर के पास अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। स्थिति को भांपते हुए चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते बस से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। परिचालक भी सुरक्षित बताया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच जारी है।
डीएसपी पधर, लोकेन्द्र नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।



