मंडी, 20 जनवरी : जिला पुलिस द्वारा एक बार फिर क्षेत्र में चिट्टा माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई अमल में लाई गई है। ताजा मामले में मंडी पुलिस के पुलिस थाना बल्ह के अंतर्गत 4 आरोपियों के स्वामित्व से 120 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है।
वीरवार को पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस थाना बल्ह के थाना प्रभारी कमलेश कुमार अपनी टीम सहित गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस टीम ने मैरामसीत चौक के नजदीक एक स्विफ्ट कार (HP -11B-1200) में बैठे चार व्यक्तियों विक्रांत गुलेरिया, हरिंदर सिंह, घनश्याम और जसवीर से चैकिंग के दौरान 120 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
वहीं मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस की जांच जारी है।








