पूर्व केंद्रीय संचार राज्य मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंडित सुखराम के पोते आश्रय शर्मा ने कहा कि हाईकमान जिस मर्जी को टिकट दे, उन्हें तो मान-सम्मान चाहिए। आश्रय शर्मा ने गुरुवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला से भेंट की। हालांकि, ज्यादा बात नहीं हो पाई, क्योंकि शुक्ला को प्रियंका गांधी के साथ एक कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश जाना था। उन्हें अब शुक्रवार को बुलाया गया है। आश्रय शर्मा ने नई दिल्ली से फोन पर बताया कि गुरुवार को ही कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि आश्रय चार लाख के मार्जिन से हारे हैं। इससे तो गलत संदेश जा रहा है। आश्रय शर्मा बोले- कौल सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, लेकिन संगठन में एक अनुशासन होना चाहिए। उनसे भी कम मत एक अन्य लोकसभा प्रत्याशी को मिले हैं। उस वक्त देश भर में कश्मीर से कन्याकुमारी तक माहौल ही ऐसा रहा है।



