मंडी संसदीय क्षेत्र से नवनिर्वाचित सांसद प्रतिभा सिंह मंगलवार को दिल्ली के लिए रवाना हुईं। सूचना के अनुसार बुधवार को उनका कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने का कार्यक्रम है। इसके साथ ही पार्टी के कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी वह मुलाकात कर सकतीं हैं। शिमला ग्रामीण से विधायक विक्रमादित्य सिंह भी प्रतिभा सिंह के साथ दिल्ली गए हैं। देखा जाए तो मंडी संसदीय सीट से जीत दर्ज करने के बाद प्रदेश की राजनीति में हॉलीलॉज एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। ऐसे में प्रतिभा सिंह के दिल्ली दौरे को लेकर राजनीतिक गलियारों में खासी चर्चा बनी है। मंडी संसदीय उपचुनाव में जीत के बाद पार्टी नेता, विधायक व पदाधिकारी से लेकर कार्यकर्ता बधाई देने के लिए हॉलीलॉज पहुंच रहे हैं। बीते दिन सिरमौर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रतिनिधिमंडल पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर की अध्यक्षता में प्रतिभा सिंह से मिलने पहुंचा था। इसके साथ ही मंगलवार सुबह विधायक भवानी पठानिया भी हॉलीलॉज पहुंचे और प्रतिभा को जीत पर बधाई दी।