पूर्व मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) नीरज भारती से शिमला के भराड़ी स्थित सीआइडी के थाने में कई घंटे पूछताछ हुई। आरोपित समर्थकों संग शिमला पहुंचा। सुबह 11 बजे थाने में आया। सात गाडिय़ों में करीब बीस समर्थक भी मौजूद रहे। मामले की जांच डीएसपी रैंक के अधिकारी मुकेश कुमार कर रहे हैं। समर्थकों को देखकर सीआइडी कर्मी भी हैरान रह गए।
आरोपित जांच में सहयोग कर रहा है। जांच अधिकारी ने सोशल मीडिया में की गई टिप्पणियों को लेकर कई तीखे सवाल पूछे। आरोपित ने सवालों का जवाब दिया। अगर ऐसा ही सहयोग मिलता रहा तो सीआइडी आरोपित को गिरफ्तार नहीं करेगी।
गौर हो कि पूर्व मुख्य संसदीय सचिव के खिलाफ दर्ज देशद्रोह मामले की जांच चल रही है। पूछताछ के लिए सीआइडी के भराड़ी स्थित थाने में तलब किया गया था। इसके लिए कांगड़ा पुलिस के माध्यम से नोटिस भेजा गया था।
सीआइडी के राज्य थाने में नीरज भारती पर देशद्रोह का केस दर्ज हुआ है। आरोप है कि कांग्रेस नेता ने देश के प्रधानमंत्री और सेना के बारे में सोशल मीडिया में आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। इसके अलावा भारती के खिलाफ कांगड़ा पुलिस ने भी तीन केस दर्ज किए हैं।
नीरज भारती आए सोशल मीडिया पर कुछ न कुछ तीखी टिप्पणियां करते रहते हैं। लेकिन इस बार उन्होंने सेना को भी निशाना बना दिया। इस पर उनके खिलाफ देशद्राेह का मुकदमा दर्ज किया गया है।






