शिमला 31 दिसंबर । बीते एक सप्ताह से राजकीय महाविद्यालय चायल-कोटी में चल रहे राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस ) का विशेष शिविर बुधवार को संपन हो गया । शिविर में कॉलेज के 25 स्वयंसेवकों ने भाग लिया । समापन समारोह की अध्यक्षता कॉलेज की प्राचार्या ने की । उन्होने एनएसएस को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम बताया। यह विशेष शिविर एनएसएस के आदर्श वाक्य मैं नहीं-बल्कि तुम को सार्थक रूप से चरितार्थ करता है। उन्होने एनएसएस शिविर के सफल आयोजन के लिए एनएसएस प्रभारी और स्वयंसेवियों को बधाई दी ।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुशील कुमार मेहता ने बताया कि शिविर के प्रथम दिन डॉ0 गोपाल दत्त शर्मा ने राष्ट्र निर्माण एवं युवा नेतृत्व में एनएसएस की भूमिका विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। जबकि दूसरे दिन ग्लाइड इन के सीईओ अरूण रावत ने उद्यमिता विषय पर अपने अनुभव साझा किए। शिविर के तीसरे एवं चौथे दिन प्रियंका नरवाल, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, सीएचसी कोटी ने प्राथमिक उपचार, बेसिक लाइफ सपोर्ट एवं निवारक स्वास्थ्य देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। इसी प्रकार पाँचवें दिन स्वयंसेवकों द्वारा गोद लिए गए टिप्पर गाँव में स्वच्छता अभियान चलाया गया। छठे दिन महाविद्यालय परिसर सफाई और परिसर में पुष्प लगाए गए । सातवें दिन स्वयंसेवकों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ शिविर का समापन किया गया।








