धर्मशाला
ब्लॉक धर्मशाला के अंतर्गत पंचायत सचिव के खिलाफ पंचायत प्रतिनिधियों का आंदोलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। ढगवार पंचायत से हटाने के बाद डी.आर.डी.ए. में तैनाती के बाद अब बल्ला जदरांगल में तैनाती आदेशों के बाद धर्मशाला विकास खंड के पंचायत प्रधानों व उप-प्रधानों ने अपने इस्तीफे जिला प्रशासन को सौंप दिए। प्रधान-उपप्रधान संगठन के बैनर तले सोमवार को धर्मशाला ब्लॉक के प्रधान-उपप्रधान ने अपना इस्तीफा सौंपते हुए मांग की है कि जब तक मुख्यमंत्री अथवा पंचायती राज मंत्री उनके साथ इस मामले को लेकर बातचीत नहीं करते हैं, तब तक पंचायतों में विकास कार्यां को रोक दिया जाएगा।
प्रधान-उप प्रधान संगठन धर्मशाला के प्रधान सुरेश कुमार की अध्यक्षता में डी.सी. कार्यालय पहुंचे प्रधान-उपप्रधानों ने इस दौरान पंचायत सचिव के साथ-साथ उनके भाई भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रभूषण नाग के खिलाफ भी नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि पंचायत सचिव पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं तथा पंचायतों में कार्य प्रभावित न हों इसके लिए संगठन द्वारा सचिव की धर्मशाला ब्लॉक से बाहर तबादला करने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधान-उप प्रधान संगठन द्वारा रोष जताने के बावजूद उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। संगठन के प्रधान ने आरोप लगाया कि भाजपा जिला अध्यक्ष की पहुंच के चलते उनकी मांग पर उचित कदम नहीं उठाया जा रहा है।








