बिलिंग (लाहौल-स्पीति), 14 अगस्त —
राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के अंतर्गत पूरे प्रदेश में हरित आवरण बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस वित्तीय वर्ष में महिला मंडलों एवं युवक मंडलों को पौधारोपण कार्य हेतु ₹15,88,20,000 (पंद्रह करोड़ अट्ठासी लाख बीस हजार रुपये) की राशि प्रदान की जाएगी। योजना के तहत कुल 1323.5 हेक्टेयर वन भूमि में प्रति हेक्टेयर ₹1,20,000 की लागत से पौधारोपण किया जाएगा।
इसी कड़ी में लाहौल वन मंडल के तहत 12 महिला मंडलों एवं कई युवक मंडलों को प्राथमिकता देते हुए 53 हेक्टेयर वन भूमि में पौधारोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए इस वित्तीय वर्ष में कुल ₹63,60,000 (तिरसठ लाख साठ हजार रुपये) की राशि स्वीकृत की गई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ आज ज़िला मुख्यालय के निकट बिलिंग गांव में किया गया, जहां नगर एवं ग्राम नियोजन, तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री राजेश धर्मानी ने स्वयं पौधा लगाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उपायुक्त लाहौल-स्पीति श्रीमती किरण भड़ाना, मंडलाधिकारी श्रीमती आकांक्षा शर्मा, सहायक आयुक्त श्रीमती कल्याणी तिवाना सहित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
मंत्री श्री राजेश धर्मानी ने अपने संबोधन में कहा कि इस योजना का उद्देश्य न केवल पर्यावरण संरक्षण है, बल्कि स्थानीय समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करना भी है। महिलाओं और युवाओं को इस अभियान से जोड़कर उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है, जिससे वे सक्रिय रूप से पौधारोपण और वन संवर्धन में योगदान दे सकें।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरे-भरे वनों का निर्माण सुनिश्चित करें।
राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के अंतर्गत लाहौल-स्पीति में पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ
Leave a comment
Leave a comment



