प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आने वाले हैं। पीएमओ कार्यालय ने इसके संकेत मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को दे दिए हैं। अक्तूबर-नवंबर के बीच उनके प्रवास की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
बता दें कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अभी हाल में ही दिल्ली गए थे तो उन्होंने प्रधानमंत्री को हिमाचल आने न्योता भी दिया था। जिसे प्रधानमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया था। अब पीएमओ कार्यालय से संकेत मिलने के बाद प्रवास की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
आगामी उपचुनाव को मद्देनजर रखते हुए भी प्रधानमंत्री का दौरा काफी अहम माना जा रहा है। साथ ही सितम्बर में ही राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी हिमाचल आया रहे हैं। उनका भी पांच दिनों का प्रवास है।
प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान आधा दर्जन बड़ी परियोजनाओं के उद्घाटन-शिलान्यास के लिए खाका तैयार किया जा रहा है। सावड़ा-कुड्डू तथा लूहरी सहित हिमाचल में कई बड़ी विद्युत परियोजनाओं का लोकार्पण और नींव पत्थर रखा जाएगा।
इसके अलावा हिमाचल सरकार वैक्सीनेशन ड्राइव की सफलता को लेकर राज्य का मॉडल तैयार करेगी। केंद्र की उज्जवला योजना को गति देने वाली जयराम सरकार की गृहिणी योजना का मॉडल भी तैयार किया जा रहा है। इसी तरह राज्य सरकार की दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का खाका तैयार हो रहा है।
आयुष्मान भारत के साथ हिमाचल में लांच की गई हिमकेयर योजना की डॉक्यूमेंट्री बन रही है। इसी तरह उद्योग विभाग की आत्मनिर्भर स्वावलंबन योजना का मसौदा तैयार किया जा रहा है। देशभर में गूंजने वाली हिमाचल की प्राकृतिक खेती का भी मॉडल बन रहा है।








