21-12-2025
राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस पर 21 दिसंबर को आयोजित हुआ “सघन पल्स पोलियो अभियान” के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश में लगभग 6 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार, हिमाचल प्रदेश में 21 दिसंबर 2025 (रविवार) को राष्ट्रीय टीकाकरण दिवस (NID) के अवसर पर सघन पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान (IPPI) का आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य के पोलियो-मुक्त दर्जे को बनाए रखना है।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर आज दिनांक 21 दिसंबर 2025 को माननीय मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश द्वारा कमला नेहरू अस्पताल, शिमला में बच्चों को पल्स पोलियो की मौखिक खुराक पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर माननीय स्वास्थ्य मंत्री हिमाचल प्रदेश भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
अभियान के अंतर्गत राज्य भर में कुल 5,793 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 6 लाख बच्चों को पोलियो से बचाव की खुराक पिलाई जाएगी। अभियान के सफल संचालन हेतु 11,706 टीकाकरण टीमें तैनात की गई हैं।
21 दिसंबर को बूथ दिवस निर्धारित किया गया है, जबकि 22 एवं 23 दिसंबर को मॉप-अप दिवस के दौरान घर-घर जाकर छूटे हुए बच्चों, प्रवासी परिवारों तथा उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों को कवर किया जाएगा। अभियान के लिए आवश्यक पोलियो टीके, कोल्ड-चेन उपकरण एवं अन्य लॉजिस्टिक सामग्री पहले ही सभी जिलों को उपलब्ध कराई जा चुकी है।
इस अभियान में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, एएनएम, पंचायती राज संस्थाएँ, स्कूल शिक्षक तथा स्थानीय प्रशासन सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
प्रदेश की जनता से अपील की गई है कि वे 5 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को निकटतम पोलियो बूथ पर अवश्य लाएँ, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
उल्लेखनीय है कि लाहौल-स्पीति जिले के काज़ा ब्लॉक स्थित हिक्किम पोलियो बूथ, जो समुद्र तल से 14,400 फीट की ऊँचाई पर स्थित है, हिमाचल प्रदेश का सबसे ऊँचाई पर स्थित पोलियो बूथ है।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने तथा हिमाचल प्रदेश को पोलियो-मुक्त बनाए रखने की दिशा में यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।










