हिमाचल प्रदेश में प्री मानसून बारिश का माहौल बन रहा है। मौसम विभाग की मानें तो 12 जून से राज्य में प्री मानसून की शुरुआत हो जाएगी। इस दिन 10 जिलों में भारी बारिश होने की आशंका है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। 26 जून को मानसून आने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 10 जून को मध्य पर्वतीय और 11 जून को मध्य पर्वतीय व उच्च पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होगी। जबकि मैदानी भागों में मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 12 से 14 जून तक राज्य में प्री मानसून की बारिश होगी। 12 जून को बारिश के साथ अंधड़ चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। इसे लेकर लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राज्य में गर्मी के बढ़ते तेवरों से लोग बारिश का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं। मैदानी इलाकों में प्रचण्ड गर्मी का जनजीवन पर खासा असर देखा जा रहा है। मंगलवार को तीखी धूप पड़ने से तापमान में भारी बढोतरी दर्ज की गई और पारा एक बार फिर 40 डिग्री पार कर गया है।
ऊना राज्य का सबसे गर्म स्थल रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जबकि पिछले कल तापमान 39.2 डिग्री था।
इसके अलावा शिमला में अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री, सुंदरनगर में 37.3 डिग्री, भुंतर में 36.4 डिग्री, कल्पा में 27.4 डिग्री, धर्मशाला में 31.4 डिग्री, नाहन में 35.2 डिग्री, केलंग में 25.8 डिग्री, पालमपुर में 32 डिग्री, सोलन में 34 डिग्री, मनाली में 29 डिग्री, कांगड़ा में 38.6 डिग्री, मंडी में 38.2 डिग्री, बिलासपुर में 37 डिग्री, हमीरपुर में 35.8 डिग्री, चंबा में 36.3 डिग्री, डलहौजी में 24.6 डिग्री, कुफरी में 20.9 डिग्री और जुब्बड़हट्टी में 30.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।