*1500 करोड़ के राहत पैकेज की घोषणा, आपदा प्रभावित परिवारों के लिए संवेदना और करुणा का संदेश*
हमीरपुर, 9 सितंबर:
हिमाचल प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करना और इस पहाड़ी प्रदेश के लिए 1500 करोड़ रुपये का राहत पैकेज देने की घोषणा करना यह स्पष्ट करता है कि प्रधानमंत्री हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं और यहां की जनता के साथ उनका गहरा भावनात्मक जुड़ाव है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि अपने इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री ने आपदा में जान गंवाने वाले परिवारों के लिए प्रति सदस्य 2-2 लाख रुपये तथा घायल व्यक्तियों के लिए 50 हजार से एक लाख रुपये तक की सहायता राशि देने की घोषणा की है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब प्रधानमंत्री ने इस आपदा में अपने पूरे परिवार को खो देने वाली मासूम बच्ची को गोद में उठाकर दुलार दिया और भावुक हो गए, तो यह दृश्य इस बात का प्रमाण था कि प्रधानमंत्री के मन में हिमाचल के लोगों के लिए कितनी संवेदना और करुणा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार आए दिन यह बयान देती रहती है कि केंद्र हिमाचल की मदद नहीं कर रहा, जबकि वास्तविकता यह है कि केंद्र सरकार लगातार हिमाचल को भरपूर आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है। मगर प्रदेश की कांग्रेस सरकार इस सहायता राशि का दुरुपयोग कर रही है और केंद्रीय योजनाओं से मिलने वाले फंड को वेतनमान और अन्य गैर-जरूरी मदों पर खर्च कर रही है।
राजेंद्र राणा ने कहा कि आज़ादी के बाद केंद्र में कई बार कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन कभी भी किसी कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश को आपदा के समय इतनी उदारता से आर्थिक मदद नहीं दी जितनी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बार-बार यह साबित किया है कि हिमाचल की पीड़ा उनकी अपनी पीड़ा है और यही कारण है कि आपदा की इस घड़ी में उन्होंने तुरंत राहत पैकेज की घोषणा की है।






