मंडी
हिमाचल प्रदेश के सीएम जयराम ठाकुर के घर जिले मंडी जिले में प्रदेश सरकार के मंत्री और विधायक के नाम लिखी शिलान्यास पट्टिकाओं को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा तोड़े जाने का मामला सामने आया है।
मामला जिले के दुर्गम क्षेत्र निहरी का है, जहां जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और विधायक सुंदरनगर राकेश जंवाल द्वारा बीते साल 30 नवंबर को दो विकासत्मक कार्यों का शिलान्यास किया गया था। इसमें किसान भवन निहरी और पेयजल योजना भयंकर का सुधार शामिल थे।
अब इन्हीं दोनों शिलान्यास पट्टिकाओं को अज्ञात लोगों द्वारा तोड़ कर खंड खंड कर दिया गया है। इस मामले में जलशक्ति विभाग द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करवा दी गई है। मामले को लेकर जलशक्ति विभाग सुंदरनगर के अधिषाशी अभियंता ई अनिल वर्मा ने कहा कि जल्द ही नई शिलान्यास पट्टिकाएं मौके पर लगा दी जाएंगी। वहीं, इस मामले को राजनीतिक रंजिश के तराजू में भी तोला जा रहा है।
राकेश जंवाल ने भी मामले को लेकर रोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सीएम जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास करवाया जा रहा है लेकिन कांग्रेस को यह विकास रास नहीं आ रहा है और अगर कांग्रेस कार्यकताओं द्वारा इस तरह की हरकतों को अंजाम दिया जा रहा है तो इसे बिल्कुल भी सहन नहीं किया जाएगा।
वहीं, डीएसपी सुंदरनगर गुरबचन सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले में संबंधित पुलिस थाना के द्वारा एफआईआर दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस मामले में दोषी पाए जाने वालों को किसी भी स्तर पर बख्शा नहीं जाएगा।








