हिमाचल प्रदेश में तीन दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिली है, जिससे तापमान में भी बढ़ोतरी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 3 अक्तूबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। वहीं 4 अक्तूबर से मौसम फिर बिगड़ सकता है। इससे प्रदेश के कई भागों में बारिश की संभावना है। उधर, प्रदेश के ऊना जिला से गुरुवार को मानसून विदा हो गया है।
हिमाचल से अक्तूबर के दूसरे सप्ताह के शुरुआत में मानसून के विदा होने का पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि मानसून के दौरान जून से सितंबर के दौरान राज्य में कुल 716.7 मिलीमीटर बारिश हुई,जोकि अपनी सामान्य सीमा में है। इस अवधि में सामान्य बारिश 734.4 मिलीमीटर मानी गई है। उधर, सितंबर में सामान्य से 12 फीसदी अधिक बारिश हुई है।
शिमला में न्यूनतम तापमान 13.8, सुंदरनगर 17.1, भुंतर 13.1, कल्पा 7.0, धर्मशाला 16.2, ऊना 21.4, नाहन 20.2, केलांग 5.0, पालमपुर 14.2, सोलन 14.7, मनाली 9.4, कांगड़ा 18.8, मंडी 17.1, बिलासपुर 21.0, हमीरपुर 20.8, चंबा 15.3, डलहौजी 14.9, जुब्बड़हट्टी 15.2, कुफरी 13.3, रिकांगपिओ 10.3 और पांवटा साहिब में 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।