15 जनवरी को सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान में होगा समारोह
उदयपुर/सुजानपुर।
सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के संस्थापक एवं सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा तथा ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने आज उदयपुर में मेवाड़ राजघराने से ताल्लुक रखने वाले, महाराणा प्रताप के वंशज लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ जो कि मेवाड़ के राजा है से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को 15 जनवरी को सुजानपुर के ऐतिहासिक चौगान मैदान में (सुबह 10:00 बजे) हर वर्ष की तरह मनाए जाने वाले सेना दिवस समारोह के साथ-साथ उसी दिन आयोजित होने वाले सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के वार्षिक समारोह में बतौर स्पेशल गेस्ट शामिल होने का विधिवत निमंत्रण दिया, जिसे लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के राजा ने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
राजेंद्र राणा ने बताया कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट पिछले कई वर्षों से 15 जनवरी को सेना दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन करता आ रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, पूर्व सेवा अधिकारी तथा हजारों स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष सेना दिवस के इस आयोजन के साथ ट्रस्ट का वार्षिक समारोह भी जोड़ा गया है, जिसमें प्रदेश और देश की विशिष्ट विभूतियों को ‘शान-ए-हिमाचल’ एवं ‘शान-ए-हिंद’ पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा।
राजेंद्र राणा ने कहा कि लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ द्वारा निमंत्रण स्वीकार किया जाना ट्रस्ट और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी उपस्थिति से समारोह की गरिमा और प्रेरणा दोनों बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि लक्ष्यराज सिंह मेवाड़, मेवाड़ राजघराने के प्रतिष्ठित सदस्य हैं और महान योद्धा महाराणा प्रताप के वंशज हैं। वे सामाजिक, सांस्कृतिक और विरासत संरक्षण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। राजस्थानी संस्कृति, राष्ट्रवादी मूल्यों और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सर्वविदित है। युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना जागृत करने के लिए वे विभिन्न मंचों से निरंतर संदेश देते रहे हैं। सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के आगामी आयोजन में उनकी सहभागिता से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ेगी।










