शिमला /दिल्ली
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राम हिंदुस्तान में रहने वाले हर व्यक्ति के हैं। सीएम सुक्खू ने यह बात बुधवार को नई दिल्ली पहुंचने पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कही। जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वह अयोध्या जा रहे हैं, इस पर सुक्खू बोले कि अयोध्या जाने के लिए उन्हें कोई निमंत्रण नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि जब भी भगवान श्रीराम के दरबार से बुलावा आएगा तो वह चले जाएंगे। मुख्यमंत्री सुक्खू ने आगे कहा कि भगवान राम के दरबार में किसी निमंत्रण की जरूरत नहीं होती है।
वहां तो मर्यादा पुरुषोत्तम राम हैं और उन्होंने जो आदर्श स्थापित किए हैं, उसके आधार पर वह कह सकते हैं कि जीवन में भी उन आदर्शों का पालन करना चाहिए। जब पत्रकारों ने सीएम सुक्खू से पूछा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा तीसरी बार मोदी सरकार और अबकी बार 400 पार का नारा दे रहे हैं। इस पर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर की बयानबाजी है और इसे अगर राष्ट्रीय स्तर के नेताओं से ही पूछा जाए तो अच्छा रहेगा। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार अच्छा काम कर रही है। बाकी तो चुनाव के वक्त मुद्दे होते हैं, उसी के हिसाब से वोट पड़ते हैं।