शिमला :
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर क्षेत्रवाद की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार मेरी मंडी-मेरी मंडी का राग अलापकर मुख्यमंत्री असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इस उपचुनाव में अपने स्वाभिमान को बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं जबकि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लोगों के बीच भाजपा सरकार की विफलताओं को सामने ला रही है। कुलदीप सिंह राठौर यहां पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महंगाई, बेरोजगारी व विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। इसके विपरीत भाजपा इन मुद्दों पर मौन है। उन्होंने कहा कि आज देश व प्रदेश की जनता महंगाई से परेशान है। खाद्य वस्तुओं के दाम आसमन छू रहे हैं। इसी तरह रसोई गैस सिलैंडर 1,000 रुपए तथा डीजल व पैट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में बड़ी संख्या में युवा बेरोजगार हुए हैं लेकिन सरकार की तरफ से उनको किसी तरह की राहत नहीं पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निर्माण में जहां डाॅ. वाईएस परमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, वहीं वीरभद्र सिंह ने क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर राज्य के समग्र विकास की तरफ ध्यान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रयासों से हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिला लेकिन भाजपा ने स्वर्ण जयंती वर्ष पर विधानसभा में करवाए कार्यक्रम में इंदिरा गांधी व डाॅ. वाईएस परमार का जिक्र तक करना उचित नहीं समझा। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिव की परीक्षा चुनाव प्रक्रिया पूर्ण होने पर करवाई जा सकती थी। उन्होंने इस परीक्षा को प्रदेश विश्वविद्यालय के माध्यम से करवाए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस परीक्षा के माध्यम से राज्य सरकार मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।








