मजदूर किसान आम जनता विरोधी एवं महंगाई बढ़ाने वाली नीतियों के खिलाफ जिला एवं ब्लाक मुख्यालय में होने वाले प्रदर्शनों में लाल झंडा सीमेंट वर्कर यूनियन बागा ने भाग लिया। इस दौरान यूनियन ने कार्यालय से लेकर बाजार व पुलिस थाना बागा तक रैली का आयोजन किया। यह रैली विरोध प्रदर्शन के रूप में कृषि कानूनों को रद्द करने एवं श्रम कानूनों को बदलकर चार श्रम कानूनों में बदलने के खिलाफ तथा बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ की गई। रैली को संबोधित करते हुए यूनियन अध्यक्ष बलबीर ने सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि कोरोना की आड़ में लाखों लोग बेरोजगार हुए तथा महंगाई अपने चरम सीमा पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों को बदल दिया गया तथा किसानों के ऊपर 3 काले कानून थोप दिए गए। यूनियन ने थाना प्रभारी बागा के माध्यम से एक ज्ञापन प्रधानमंत्री भारत सरकार एवं प्रदेश मुख्यमंत्री हिमाचल सरकार को भेजा। इसमें अपील की है कि उपरोक्त मांगों की पूर्ति हेतु उचित कदम उठाकर कर्मचारियों व किसानों को राहत पहुंचाएं।








