शिमला
कैबिनेट फैसले के बाद बुधवार से तीसरी से 7वीं कक्षा के विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं शुरू हो जाएंगी और विद्यार्थी लम्बे इंतजार के बाद स्कूल आएंगे। स्कूलों में आज शुरू हो रही कक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
कक्षाएं शुरू होने से पहले सभी स्कूलों को सैनिटाइज किया जा चुका है। प्रधानाचार्यों का कहना है कि शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित एसओपी के तहत सारी व्यवस्थाएं की गई हैं। स्कूलों में छात्रों की संख्या को देखते हुए कक्षाओं की समय व सत्र तय किया गया है। बता दें कि शिक्षण संस्थानों को लेकर जारी एसओपी के तहत शिक्षकों, स्टाफ के सभी सदस्यों और बच्चों को थर्मल स्कैनिंग और सैनिटाइजेशन के बाद ही प्रवेश मिलेगा।
स्कूल में भीड़ में एकत्रित होने की सख्त मनाही होगी। प्रार्थना सभाएं भी नहीं होंगी और मास्क पहनना व दो गज की दूरी जरूरी होगी। किसी भी छात्र व शिक्षक को जुकाम और बुखार के लक्षण होने पर स्कूलों में आने पर पाबंदी रहेगी।








