नाहन, 27 अक्तूबर
अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का शुभारंभ आगामी 3 नवम्बर को हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव आरडी धीमान करेंगे। वह दोपहर एक बजे ददाहू पहुंच जाएंगे और सवा एक बजे भगवान परशुराम जी की शोभायात्रा का शुभारंभ करेंगे। दोपहर में वह खेलकूद प्रतियोगिता का उदघाटन करने के उपरांत सांय 6 बजे अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे।
उपायुक्त आरके गौतम ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला इस साल बड़ी धूमधाम के साथ आयोजित किया जाएगा। दो साल कोरोना महामारी के चलते सांस्कृतिक गतिविधियों सहित अनेक कार्यक्रमों का आयोजन नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि मेले के दूसरे दिन चार नवम्बर को पुरूषों का विशाल दंगल होगा जिसमें विजेता व उप-विजेता को आकर्षक इनाम दिया जाएगा।
दंगल में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, जम्मू व कश्मीर, उत्तर प्रदेश , उत्तराखंड व दिल्ली से अनेक नामी पहलवानों के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा पहली बार महिलाओं की अलग से कुश्ती प्रतियोगिता पांच नवम्बर को आयोजित की जाएंगी। विजेता को 51 हजार रुपये, जबकि उपविजेता को 31 हजार रुपये के आकर्षक पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे। उन्होंने अधिक से अधिक महिलाओं को दंगल में भाग लेने की अपील की है।
गौतम ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताओं में कबड्डी, वॉलीबाल, बास्केटबॉल व बैडमिंटन जैसी प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के लिये ट्रॉफी सहित आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे। ये प्रतियोगिताएं मेले के सभी छः दिनों तक चलेंगी। इसके लिये उपायुक्त ने समितियों का गठन भी किया। उन्होंने कहा कि समस्त पदाधिकारी अभी से प्रतियागिताओं को सुचारू रूप से सम्पन्न करवाने के कार्य में जुट जाएं।
उपायुक्त ने कहा कि सांस्कृतिक संध्याएं मेले के मुख्य आकर्षण होंगी। इसके लिए उन्होंने अभी से कलाकारों का चयन करने के लिए समिति को निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला के कलाकारों को विशेष अधिमान दिया जाएगा। इसके साथ जाने-माने हिमाचली कलाकारों की प्रस्तुतियां भी हर रोज होंगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक संध्या को एक विशेष थीम दिया गया है।








