शिक्षक दिवस पर वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चियोग में मंगलवार को 14 सेवानिवृत अध्यापकों व उनके परिजनों को सम्मानित करके एक अनूठी पहल आरंभ की गई है । जिनमें गीता राम वर्मा, केश्वराम शर्मा, लायक राम शर्मा, मोहन लाल चंदेल, लायकराम ठाकुर, हरदेवराज शर्मा, डॉ0 दयानंद शास्त्री और संतोष वर्मा को हिमाचली टोपी व फूलों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया । जबकि छः अध्यापक जोकि जीवित नहीं है उनके परिजनों को स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित किया गया ।
प्रधानाचार्य डॉ0 संदीप शर्मा ने बताया कि सेवानिवृत अध्यापकों का प्रदेश में शिक्षा के सुदृढ़िकरण में विशेष योगदान रहा है जिसके चलते विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा चियोग स्कूल से सेवानिवृत हुए अध्यापकों को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया ताकि रिटायर होने के उपरांत इनमें नई ऊर्जा का संचार हो । डॉ0 संदीप ने कहा कि अध्यापक विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में अहम भूमिका निभाते हैं जिससे स्वस्थ समाज का निर्माण होता है । इस मौके पर प्रधानाचार्य द्वारा स्कूल के सेवारत सभी शिक्षकों को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
एसएमसी प्रधान लच्छी राम भंडारी ने सभी सेवानिवृत अध्यापकों का धन्यावाद किया और कहा कि यह गौरव का विषय है कि इन सेवानिवृत अध्यापकों के पढ़ाए हुए अनेकों विद्यार्थी आज अनेक पदों पर आसीन होकर समाज व राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं । कम्पूटर साईंस अध्यापिका बबिता शर्मा द्वारा समारोह के बेहतरीन प्रबंधन में विशेष भूमिका निभाई गई । स्थानीय पंचायत प्रधान दिनेश जगटा और उप प्रधान राहुल ठाकुर समारोह में विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे ।








